Archives September 2025

बीकानेर के कृष्णकांत ने देशभर के प्रमुख स्थलों की बनाई थ्री डी रेप्लिका ‘लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ और एशियन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में मिला स्थान

बीकानेर, 31 अगस्त (एमएनएस)। बीकानेर के वुडन रेप्लिका विशेषज्ञ कृष्णकांत व्यास को देश के 60 से अधिक धार्मिक और ऐतिहासिक इमारतों की थ्री डी रेप्लिका बनाए जाने पर ‘लंदन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ तथा ‘एशिया बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में स्थान मिला है।
रविवार को जिला उद्योग संघ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने व्यास को दोनों प्रमाण पत्र भेंट किए।
इस दौरान पचीसिया ने कहा कि कृष्णकांत व्यास ने देश के प्रमुख स्थानों की रेप्लिका बनाकर बीकानेर का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बीकानेर की उपलब्धियां में यह एक और एक नई कड़ी है।
नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्र शेखर श्रीमाली ने प्रसन्नता जताई कि व्यास द्वारा अयोध्या के राम मंदिर की सर्वाधिक रिप्लिका बनाई गई। वहीं अब तक उनकी बनाई रेप्लिका बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, राम मंदिर बनाने वाले अरुण योगीराज तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अनेक विशिष्ट हस्तियों तक पहुंचाई गई है।
डॉ. हरि शंकर आचार्य ने कहा कि कृष्णकांत ने अपनी कल्पना शक्ति से बड़ी-बड़ी इमारतों के थ्री डी मॉडल हुबहू बनाए हैं। उन्होंने सभी मॉडल एक स्थान पर संग्रहित कर उन्हें आमजन के अवलोकनार्थ रखने का सुझाव दिया।
कृष्णकांत व्यास ने बताया कि उनके द्वारा अब तक राम मंदिर के अलावा उज्जैन के महाकाल, केदारनाथ, बद्रीनाथ, अमृतसर के स्वर्ण मंदिर, खाटू श्याम मंदिर तथा जगन्नाथपुरी सहित देश के 60 प्रमुख स्थलों की रेप्लिका बनाई गई है। उन्होंने बताया कि बीकानेर के प्रसिद्ध करणी माता मंदिर, कोडमदेसर, कोटगेट, लक्ष्मीनाथ मंदिर आदि की थ्री डी रेप्लिका बनाई गई है।

भगवान महावीर चाइल्ड वैलफेयर ट्रस्ट (पुण्यार्थम्) की मासिक बैठक आयोजित

बीकानेर, 31 अगस्त। पुण्यार्थम् द्वारा शहर की सेवा बस्तियों में निःशुल्क संचालित संस्कार केन्द्रों की शिक्षिकाओं व सुपरवाइजरों की मासिक बैठक रविवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित हुई। इसकी शुरुआत शिक्षिकाओं द्वारा वंदना व मंत्रोच्चारण और अतिथियों के स्वागत से हुई।
बैठक की अध्यक्षता बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने की। पचीसिया ने पुण्यार्थम् के कार्य को सराहनीय बताया और कहा कबइन संस्कार केन्द्रों के कारण बस्तियों के बच्चों में शिक्षा व संस्कारों की दृष्टि से सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। पच्चीसीया बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से दो संस्कार केंद्र गोद लेने की घोषणा की।
कार्यक्रम में नेशनल करियर काउंसलर डॉ चंद्र शेखर श्रीमाली भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संस्कार केंद्रों में अध्यनरत बच्चों को करियर निर्माण से जुड़ा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
पुण्यार्थम् राजस्थान प्रभारी बृजकिशोर ने संस्कार केन्द्रों से जुड़ी व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी दी।राकेश शर्मा ने चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या करते हुए अंधविश्वास मुक्त समाज निर्माण के उद्देश्य को समझाया। इस दौरान बैठक शिवबाड़ी सुपरवाइजर किरण और भीनासर सुपरवाइजर तारा सोलंकी ने विचार रखे। पुण्यार्थम बीकानेर प्रभारी पूनम राईका ने आभार जताया।