‘मरुधरा कैंपस कनेक्ट’ सोमवार से, विशिष्टजनों ने लॉन्च किया ‘लोगो’

अभिभावकों को करवाएंगे ‘शिक्षा के मंदिरों’ की विशेषताओं से रू-ब-रू

‘मरुधरा कैंपस कनेक्ट’ सोमवार से, विशिष्टजनों ने लॉन्च किया ‘लोगो’

जिले के स्कूलों कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचेगी ‘टीम मरुधरा’

सम्भाग की पहली न्यूज एंड पीआर सर्विसेज ‘मरुधरा न्यूज एंड पीआर सर्विसेज’ का ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान सोमवार से शुरू होगा। इसके ‘लोगो’ का विमोचन आज आसाणियों के चौक स्थित वेबसोल इंस्टीट्यूट परिसर में हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अतिथियों ने इस पहल को विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

शिक्षा क्षेत्र में मरुधरा न्यूज एंड पीआर सर्विसेज का ‘मरुधरा कैंपस कनेक्ट’ ऐसा नवाचार है, जिसके माध्यम से ‘टीम मरुधरा’ बीकानेर के निजी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थाओं तक पहुंचेगी तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों, सुविधाओं और विशेषताओं को आप तक पहुंचाएगी।

साथ ही अभिभावकों को यह जानकारी भी दी जाएगी कि किस विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए किस प्रकार की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हैं?

मरुधरा न्यूज एंड पीआर सर्विसेज के सीईओ केशव आचार्य ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा संस्थानों और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, ताकि अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए सही शैक्षणिक संस्थान चुनने में मदद मिल सके।

अभियान के तहत टीम मरुधरा स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद करेगी तथा उनकी उपलब्धियों और अनुभवों को भी साझा किया जाएगा।

‘मील का पत्थर’ साबित होगा ‘मरुधरा कैंपस कनेक्ट’ : डॉ. चंद्र शेखर श्रीमाली

लोगो विमोचन समारोह के दौरान नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को सही करियर मार्गदर्शन और शिक्षण संस्थानों की सटीक जानकारी मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मरुधरा कैंपस कनेक्ट जैसे अभियान से विद्यार्थियों और अभिभावकों को विभिन्न संस्थानों की गतिविधियों, उपलब्धियों और सुविधाओं की जानकारी एक मंच पर मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से अभिभावकों को स्कूलों की विशेषताओं की जानकारी मिलेगी, वहीं विद्यालयों को भी उनकी खूबियों के प्रचार का बेहतरीन अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर जैसे शहर में यह अभियान अर्थपूर्ण साबित होगा।

विद्यालय और अभिभावकों के बीच सेतु बनेगा अभियान: एड. जुगल किशोर व्यास

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एडवोकेट जुगल किशोर व्यास ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही दिशा और मार्गदर्शन आवश्यक है। यह अभियान विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर विकल्पों और अवसरों से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान सही मायने में विद्यालय और अभिभावकों के बीच सेतु बनेगा। उन्होंने अभियान की सफलता की कामना की और कहा कि आज के दौर में ऐसे अभियानों की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में अभिभावकों तक बेहतर विकल्प पहुंचेगा, जो कि नौनिहालों के सुनहरे भविष्य निर्माण में सहायक साबित होगा।

संस्थानों की सकारात्मक उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाएगा मरुधरा कैंपस कनेक्ट: गिरिराज खेरीवाल

प्राइवेट एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोस्पेरिटी एलायंस (पेपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खेरीवाल ने कहा कि निजी शिक्षण संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मरुधरा कैंपस कनेक्ट जैसे प्रयास संस्थानों की सकारात्मक गतिविधियों और उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्राइवेट एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोस्पेरिटी एलायंस (पेपा) का अभियान के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग रहेगा। खेरीवाल ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के साथ बच्चों के लिए बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं, इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच पाएगी।

सकारात्मक संवाद की नई पहल साबित होगा अभियान : डॉ. व्यास

वेबसोल इंस्टीट्यूट के प्रभारी डॉ. अमित व्यास ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संवाद और नई पहल बेहद जरूरी है। यह अभियान शिक्षण संस्थानों और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में स्कूलों की सुविधाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। बीकानेर के विद्यालय भी बच्चों को बेहतरीन वातावरण मुहैया करवा रहे हैं। ऐसे में बच्चों और अभिभावकों तक इसकी जानकारी उपलब्ध हो पाएगी। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के साथ सह शैक्षणिक और खेल गतिविधियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी विषयों से रूबरू करवाने में यह अभियान सहायक साबित होगा।

मरुधरा न्यूज एंड पीआर सर्विसेज के सीईओ केशव आचार्य ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मरुधरा कैंपस कनेक्ट अभियान के माध्यम से बीकानेर संभाग के स्कूलों और कॉलेजों की विशेषताओं, शैक्षणिक उपलब्धियों और नवाचारों को समाचार और डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मरुधरा न्यूज एंड पीआर सर्विसेज के न्यूज हेड प्रमोद आचार्य ने बताया कि मरुधरा बुलेटिन, सर्विसेज के विभिन्न सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। सर्विसेज के कंटेंट हेड रमेश बिस्सा ने बताया कि टीम मरुधरा, प्रतिदिन विभिन्न विद्यालयों तक जाएगी और विद्यालय प्रबंधक से चर्चा करने के साथ विद्यालय की विशेषताएं संकलित करेगी। इस दौरान वेबसोल के हर्षित व्यास भी मौजूद रहे।